दिल्ली में MCD ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 13 वाहन जब्त, 40 के कटे चालान; अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को अभियान चलाया। शाहदरा उत्तरी जोन की टीम ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर खजूरी चौक से भजनपुरा सर्विस रोड कार मार्केट तक कार्रवाई कर 13 वाहनों को जब्त किया और 40 से अधिक वाहनों का चालान किया।

ब्रजपुरी व चांद बाग की तरफ सड़क की जगह घेर कर दुकानाें के बाहर बनाए गए चबूतरे और सीढ़ियों को बुलडोजर से तोड़ा। निगम के इसी जोन की टीम ने ब्रह्मपुरी सर्विस रोड पर अवैध रूप से रखे फर्नीचर को हटाया। लकड़ी के फट्टे जब्त किए गए।

दुकानों के बाहर रखी कई वस्तुओं को निगम की टीम उठाकर ले गई। वहीं न्यू सीमापुरी इलाके में सुरक्षा नर्सिंग होम से सटी गली में कार्रवाई कर कबाड़ियों को हटाया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि जिन क्षेत्रों में अतिक्रमण की समस्या अधिक है, वहां पर बार-बार कार्रवाई की जा रही है।

शास्त्री पार्क से खजूरी चौक, खजूरी चौक से सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद भजनपुरा सर्विस रोड पर नियमित रूप से शाम छह से नौ बजे तक कार्रवाई करने की जा रही है।

उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी दुकानों का सामान बाहर न रखे और वाहनों को सड़क पर खड़ा न करें। साथ ही कहा कि अतिक्रमण करने वालों पर किसी तरह की रियायत नहीं की जाएगी।

Leave a Comment